गुना जिले थाना म्याना क्षेत्र में ग्राम जमरा जंगल में कुत्ते के काटने से एक हिरण का बच्चा घायल हो गया है, पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में दिनाँक 07 /06 /2026 को सुबह 07 :48 बजे प्राप्त हुई।

सूचना प्राप्ति पर तत्काल म्याना थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को मदद के लिए रवाना किया गया। डायल-112 स्टाफ आरक्षक 933 देवदत्त वर्मा एवं पायलेट राजेश राजपूत ने मौके पर पहुँचकर बताया कि चितावर गाँव में वन से अपने झुण्ड से बिछड़ कर एक हिरण का बच्चा आ गया था जो कुत्ते के काटने से घायल हो गया है।

डायल-112 जवानों द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए हिरण के बच्चे को सुरक्षित एफ आर व्ही वाहन की मदद से ईलाज व संरक्षण हेतु फॉरेस्ट चौकी वन अधिकारी को सुपुर्द किया गया, जहाँ घायल हिरण के बच्चे का उपचार किया जा रहा है।