दमोह। थाना हिंडोरिया क्षेत्र अंतर्गत बांदकपुर ओवरब्रिज के पास सड़क दुर्घटना की सूचना पर डायल-112 FRV-15 ने तत्काल मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल गर्भवती महिला को उपचार हेतु जिला अस्पताल दमोह पहुंचाया।
दिनांक 06 अगस्त 2026 को शाम 18:50 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना प्राप्त होते ही दमोह डायल-112 कंट्रोल रूम में पदस्थ महिला आरक्षक विभा तिवारी द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना हिंडोरिया में तैनात FRV-15 को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई तथा प्रभारी रेडियो SI जयश्री जैन एवं प्रभारी डायल-112 ASI अजय शुक्ला के मार्गदर्शन में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की गई।
FRV-15 में तैनात ASI छोटे लाल एवं पायलट यावर खान तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर जानकारी मिली कि एक व्यक्ति अपनी गर्भवती पत्नी का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद बाइक से दमोह से अपने घर वापस जा रहा था। इसी दौरान बांदकपुर ओवरब्रिज के पास बाइक अनियंत्रित होकर स्लिप हो गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए।
दुर्घटना में महिला को गंभीर चोटें आई थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 FRV-15 के स्टाफ द्वारा बिना समय गंवाए घायल गर्भवती महिला को जिला अस्पताल दमोह पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार प्रारंभ कराया गया।
डायल-112 टीम की तत्परता एवं संवेदनशीलता के कारण घायल महिला को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकी।