✦
सागर के थाना रहली क्षेत्र के ग्राम चांदपुर स्थित मध्यांचल ग्रामीण बैंक के पास एक वृद्ध महिला मिली है, जो घर का रास्ता भटक गई थी, अपना सही नाम और पता बताने में असमर्थ थीं। पुलिस सहायता की आवश्यकता है, सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में दिनांक 10/09/2026 को रात्रि 02:30 बजे प्राप्त हुई। सूचना प्राप्त होते ही तत्काल रहली थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन एफआरव्ही 24 को मदद के लिए मौके पर रवाना किया गया।

डायल-112 स्टाफ आरक्षक आकाशदीप एवं पायलट रामचंद्र कुर्मी ने तत्काल मौके पर पहुँचकर वृद्ध महिला को अपने संरक्षण में लिया। डायल-112 जवानों द्वारा वृद्ध महिला से पूछताछ करने पर वे अपने घर या परिजनों के बारे में सही जानकारी नहीं दे पा रही थीं। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के बाद भी महिला के परिजनों का कोई जानकारी न मिलने पर डायल-112 जवानों द्वारा वृद्ध महिला को एफआरव्ही-24 वाहन से रहली थाने लाया गया। बुजुर्ग महिला के पास एक पेपर मिला जिसमे सिमरिया हर्रा खेड़ा गाँव की जानकारी थी। बुजुर्ग को एफआरव्ही वाहन से ले जाकर पहचान व सत्यापन उपरांत सुरक्षित उनके घर छोड़ा।