✦
मुरैना के थाना दिमनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भटारी में एक 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला मिलीं, जो घर से निकलकर रास्ता भटक गई थीं। सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में दिनाँक 16-09-2026 को रात्रि 07:30 बजे प्राप्त होने पर तत्काल दिमनी थाना क्षेत्र में तैनात एफ.आर.व्ही. वाहन को मदद के लिए रवाना किया गया। डायल-112 स्टाफ आरक्षक सचिन राजावत एवं पायलट सूरज सिंह ने मौके पर पहुँचकर बुजुर्ग महिला को संरक्षण में लिया।

डायल-112 जवानों द्वारा प्राथमिक स्तर पर दिमनी थाने में संपर्क कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। इसके पश्चात महिला द्वारा दिए गए विवरण के आधार पर उनके मायके सांगोली (थाना सिहोनिया क्षेत्र) में संपर्क किया गया, किंतु वहाँ से भी कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।

डायल-112 जवानों द्वारा बुजुर्ग महिला को एफ.आर.व्ही. वाहन से आसपास के क्षेत्रों में ले जाकर परिजन की तलाश करने पर दिमनी क्षेत्र के ग्राम रापटा गापरा में वृद्ध महिला के परिजन उनकी तलाश करते हुए मिले। पहचान व सत्यापन उपरांत जवानों ने सकुशल बुजुर्ग महिला को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बुजुर्ग महिला के परिजनों ने त्वरित सहायता के लिए डायल-112 सेवा की प्रशंसा की एवं पुलिस स्टाफ का हृदय से आभार व्यक्त किया।