✦
भोपाल के थाना कजलीखेड़ा अंतर्गत गेहूं खेड़ा क्षेत्र में एक 02 वर्षीय मासूम बच्चा घर से दुकान के लिए निकला था, जो रास्ता भटक कर गुम हो गया। परेशान माता-पिता बच्चे की तलाश कर रहे थे। घटना की सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में दिनांक 18-09-2026 को शाम 06:30 बजे हुई।
सूचना प्राप्ति पर तत्काल कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को मदद के लिए रवाना किया गया। प्रधान आरक्षक संतोष यादव एवं पायलट दिनेश बैरागी तत्काल मौके पर पहुंचे आसपास की गलियों में एफआरव्ही वाहन घुमाकर लाउडस्पीकर के जरिए लगातार अनाउंसमेंट किया।
कॉलोनी में गश्त के दौरान एक नागरिक ने एफआरव्ही रोककर सूचना दी कि चर्च के पास एक बच्चा बैठा हुआ है। डायल-112 जवानों ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर मासूम को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। इसके बाद पहचान व सत्यापन उपरांत परिजन के सुपुर्द किया गया। मासूम को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने डायल-112 सेवा एवं पुलिस टीम की त्वरित व सराहनीय कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया।