✦
जिला छतरपुर के थाना महाराजपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद शिव सागर तालाब, दिलनिया रोड पर तालाब में कूद गया है। पुलिस सहायता की आवश्यकता है, सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में दिनाँक 13/10/2026 को प्राप्त हुई। सूचना प्राप्त होते ही थाना महाराजपुर डायल-112 पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। डायल-112 स्टाफ आरक्षक जय सूत्रधार एवं पायलट उमेश कुशवाहा ने बताया कि वह स्वयं तालाब से बाहर निकलने में असमर्थ था।

डायल-112 जवानों ने स्थानीय स्तर पर नाव की व्यवस्था की। तालाब के किनारे से लगभग 500 मीटर दूर बीच तालाब में व्यक्ति मौजूद था। पुलिस टीम स्थानीय लोगों के साथ नाव से तालाब के बीच पहुँची। तालाब में तैर रहे व्यक्ति को सावधानीपूर्वक सुरक्षित नाव में बैठाकर तालाब से बाहर निकाला। पुलिस टीम द्वारा व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।